जनकल्याण शिविर में आमजनता के आवेदनों में हो रही कार्यवाही

रीवा-जिले भर में मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के तहत 15 दिसम्बर से 26
जनवरी तक शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में हितग्राहियों को शासन की विभिन्न
योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए आवेदन पत्र भरवाए जा रहे हैं। साथ ही आमजनता के आवेदनों का
मौके पर निराकरण किया जा रहा है। जिले के सभी विकासखण्डों में शिविरों का लगातार आयोजन किया
जा रहा है। इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सपना त्रिपाठी ने बताया कि
रायपुर कर्चुलियान की ग्राम पंचायत हर्दी नम्बर एक में लगाए गए शिविर में 178 आवेदन पत्र प्राप्त हुए।
इनमें संबल योजना, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, खाद्य विभाग तथा आयुष्मान योजना के आवेदन पत्र
दर्ज किए गए। इन शिविरों में पात्र हितग्राहियों के आवेदन पत्र दर्ज कराकर उन्हें शासन की विभिन्न
योजनाओं से लाभान्वित किया गया। जनपद पंचायत सिरमौर में ग्राम पंचायत बेढ़ौआ तथा ग्राम पंचायत
करौंदी में भी शिविर लगाए गए। जनपद पंचायत रीवा में ग्राम पंचायत कचूर, गढ़वा तथा नौवस्ता में शिविर
लगाए गए। विकासखण्ड गंगेव में ग्राम पंचायत जोरौट में आयोजित शिविर में पात्र हितग्राहियों के
आयुष्मान कार्ड बनाए गए।


