जनकल्याण शिविर में प्राप्त सभी आवेदन विभागीय पोर्टल में दर्ज करें – कलेक्टर

रीवा-कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में सीएम
हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री
जनकल्याण अभियान में लगाए जा रहे शिविरों में आमजनता से बड़ी संख्या में आवेदन पत्र प्राप्त हो रहे हैं। इनका
संबंधित विभागों द्वारा निराकरण भी किया जा रहा है। सभी अधिकारी शिविर में दर्ज सभी प्रकरण जनकल्याण
पोर्टल के साथ-साथ अपने विभागीय पोर्टल में दर्ज कराएं। आयुष्मान कार्ड योजना के जनकल्याण पोर्टल में 16
हजार से अधिक आवेदन दर्ज हैं, जबकि विभागीय पोर्टल में केवल 13 हजार प्रकरण दर्ज किए गए हैं। मुख्य
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तीन दिवस में शेष सभी आवेदन विभागीय पोर्टल में दर्ज कराएं। इसी तरह राजस्व
विभाग, श्रम विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, नगरीय निकाय तथा ग्रामीण विकास
विभाग सहित अन्य विभागों को प्राप्त आवेदनों को भी जनकल्याण पोर्टल के साथ-साथ विभागीय पोर्टल में दर्ज
कराएं।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि समाधान ऑनलाइन के एजेण्डा बिन्दुओं में प्रधानमंत्री आवास योजना,
नलजल योजना, मजदूरी भुगतान, थाने में एफआईआर दर्ज करने में देरी, वृद्धावस्था पेंशन, जननी सुरक्षा योजना
तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना को शामिल किया गया है। इनमें लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों तथा सौ दिन
से अधिक लंबित प्रकरणों का सात दिवस में निराकरण करें। ऊर्जा विभाग, खाद्य विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी
विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जल संसाधन विभाग, श्रम विभाग, ग्रामीण विकास विभाग तथा राजस्व विभाग में बड़ी
संख्या में प्रकरण लंबित हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत गंगेव समाधान एक दिन के प्रकरणों को
उसी दिन निराकृत करें। सभी एसडीएम जनकल्याण अभियान, सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों तथा राजस्व महाभियान में
दर्ज प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करें। इस माह कोई भी विभाग डी और सी कैटेगरी में न रहे।
बैठक में कलेक्टर ने धान उपार्जन की समीक्षा करते हुए कहा कि त्योंथर क्षेत्र के खरीदी केन्द्रों में कड़ी
निगरानी रखें। जिन केन्द्रों में अभी भी अधिक मात्रा में धान की आवक हो रही है उन पर भी निगरानी रखें।
उपार्जित धान का तत्काल उठाव कराएं। किसानों को तीन दिन की समय सीमा में भुगतान सुनिश्चित करें। सभी
अधिकारी और कर्मचारी अपनी आईडी से आईएफएमआईएस पोर्टल पर समग्र नम्बर दर्ज करके सत्यापित कर दें।
सभी आहरण संवितरण अधिकारी तथा कार्यालय प्रमुख एक सप्ताह में समग्र सत्यापन सुनिश्चित करें। कार्यपालन
यंत्री पीएचई पूर्ण नलजल योजनाओं को तत्काल ग्राम पंचायतों को हैण्डओवर कराएं। जनपद के मुख्य कार्यपालन
अधिकारी इस कार्य में सहयोग करें। निर्माण कार्यों के कारण यदि सड़क क्षतिग्रस्त हुई है तो उसका तत्काल सुधार
कराएं।
कलेक्टर ने कहा कि 14 जनवरी से 28 जनवरी तक जिले भर में आनंद उत्सव आयोजित किए जा रहे हैं।
सभी एसडीएम, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा सीएमओ शासन के निर्देशों के अनुरूप खेल, साहित्य और
सांस्कृतिक गतिविधियाँ शामिल करते हुए कार्यक्रम आयोजित कराएं। बैठक में आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ
सोनवड़े, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, सभी एसडीएम, संयुक्त कलेक्टर पीके पाण्डेय, संयुक्त कलेक्टर श्रेयस
गोखले तथा सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


