सीधी

मड़वास बफर क्षेत्र में तेंदुए की मृत्यु, एनटीसीए दिशा-निर्देशों के तहत जांच जारी

सीधी उपसंचालक संजय टाइगर रिजर्व ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 26 मार्च 2026 की प्रातः गश्ती दल को कक्ष क्रमांक पी-1392, पश्चिम मड़वास बीट, वन परिक्षेत्र मड़वास (बफर क्षेत्र) में एक नर तेंदुए का शव मिला। घटना की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक, मध्यप्रदेश भोपाल से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार घटनास्थल को सुरक्षित कर डॉग स्क्वाड की सहायता से आसपास के क्षेत्र में सघन जांच की गई। मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम तीन विशेषज्ञ चिकित्सकों – डॉ. कैलाश तिवारी एनटीसीए प्रतिनिधि, डॉ. अभय सेंगर वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी, संजय टाइगर रिजर्व एवं डॉ. प्रशांत सिंह सेंगर विकासखंड चिकित्साधिकारी, कुसमी द्वारा किया गया। प्रथम दृष्टया तेंदुए की मृत्यु आपसी संघर्ष के कारण होना प्रतीत हो रही है। मृत तेंदुए की उम्र लगभग 3 से 4 वर्ष आंकी गई है तथा उसके शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं।
पोस्टमार्टम उपरांत बिसरा सुरक्षित कर फोरेंसिक जांच हेतु भेजा जा रहा है। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों, एनटीसीए प्रतिनिधि एवं वन्यजीव विशेषज्ञों की उपस्थिति में शव का विधिवत दाह/भस्मीकरण किया गया।प्रकरण में आगे की जांच एवं आवश्यक कार्यवाही जारी है।

Related Articles

Back to top button