शासकीय महाविद्यालय मड़वास में ‘नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा’ का शुभारंभ

मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय महाविद्यालय मड़वास में ‘नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा’ का शुभारंभ किया गया। 10 से 25 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाले इस पखवाड़े के प्रथम चरण (10 से 13 अप्रैल) के अंतर्गत संवाद कार्यक्रम का आयोजन वार्ड क्रमांक 10 की जनपद सदस्या श्रीमती सुमन सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. निशा सिंह ने ‘नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा’ के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए विषय प्रवेश कराया और छात्राओं को समाज में महिलाओं की बढ़ती भूमिका के प्रति जागरूक किया।संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्रीमती सुमन सिंह ने अपनी राजनीतिक यात्रा साझा करते हुए छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी बढ़ानी चाहिए, जिससे वे समाज में सशक्त भूमिका निभा सकें। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित समाजसेवी संजय सिंह ने कहा कि महिलाओं के सशक्त होने से ही राष्ट्र सशक्त होगा। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य गोपाल चौरसिया ने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक, आर्थिक एवं सामाजिक भागीदारी बढ़ना समय की आवश्यकता है। इससे उनमें आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता का विकास होगा।कार्यक्रम का संचालन डॉ. दीपक अग्निहोत्री द्वारा किया गया। इस दौरान बी.एससी. द्वितीय वर्ष की छात्रा कुमारी ओमश्री श्रीवास्तव ने सशक्त कविता चली आई जमाने की रीत को अब बदलना जरूरी है, बहुत हो गया गौरी का रूप अब काली बनना जरूरी है प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय परिवार द्वारा मुख्य अतिथि श्रीमती सुमन सिंह का शाल-श्रीफल से सम्मान किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के डॉ. राजेश पटेल, अजीत चौधरी, डॉ. रामधारी जायसवाल, प्रवीण कुमार, बाबा हरिनंद, डॉ. राजेश सिंह, विकास सेंगर, अमन पटेल, राम सरोज प्रजापति, अनिल केवट सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



