स्टार ऑफ द मंथ- उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को जिला प्रशासन ने किया सम्मानित

सीधी जिले में अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का परिचय देने वाले कर्मचारियों को जिला प्रशासन द्वारा “स्टार ऑफ द मंथ” के रूप में सम्मानित कर प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। यह सम्मान उन कर्मियों को दिया गया, जिन्होंने अपने कार्यों से न केवल विभागीय लक्ष्यों की पूर्ति की, बल्कि आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में उल्लेखनीय योगदान दिया। भीषण गर्मी के दौरान पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में अहम भूमिका निभाने वाले रामानुज पटेल, कार्यभारित हैंडपंप टेक्नीशियन, मुख्यालय कमर्जी को सम्मानित किया गया। अप्रैल माह के भीषण ग्रीष्मकाल में उन्होंने खराब हैंडपंपों का त्वरित संधारण एवं सुधार कार्य कर क्षेत्र की जनता के लिए पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की। उनकी तत्परता, अनुशासन और कार्य के प्रति समर्पण को जिला प्रशासन ने सराहा।जिला चिकित्सालय सीधी के एसएनसीयू वार्ड में सेवाएं दे रहीं नर्सिंग अधिकारी अंजली पाण्डेय और रूचि शुक्ला को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। दोनों नर्सिंग अधिकारियों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन अत्यंत निष्ठा, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ किया। निरीक्षण के दौरान उनकी कार्यशैली, सहयोग और समर्पण को विशेष रूप से सराहा गया।वहीं पशुपालन विभाग में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले श्यामलाल कोल, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी, कृत्रिम गर्भाधान उपकेंद्र नैकिन, रामपुर नैकिन को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले में सर्वाधिक 1200 कृत्रिम गर्भाधान कार्य संपादित कर विभागीय लक्ष्य पूर्ति और पशुधन नस्ल सुधार में महत्वपूर्ण योगदान दिया। साथ ही भारत पशुधन एप पर ऑनलाइन प्रविष्टियां भी समयबद्ध रूप से सुनिश्चित कीं।



