न्यायोत्सव- विधिक सेवा सप्ताह 09 से 14 नवम्बर तक

म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्रााधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रयाग लाल दिनकर के मार्गदर्शन में न्याय एवं विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा दिनांक 09 नवम्बर से 14 नवम्बर 2025 तक आयोजित किए जाने वाले ‘‘न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह’’ के सफल आयोजन के लिए मंगलवार दिनांक 04 नवंबर 2025 को ए.डी.आर.सेन्टर भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव द्वारा की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी, विधिक सेवाओं से जुड़े स्वयंसेवक, अन्य संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए कि न्यायोत्सक सप्ताह के अंतर्गत आयोजित सभी गतिविधियाँ जैसे- विधिक जागरूक्ता रैली, विधिक साक्षरता शिविर, प्रदर्शनी एवं विधिक परामर्श शिविर, वाद-विवाद, निबंध लेखन एवं नारा लेखन प्रतियोगिताएं,विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जनजागरूकता कार्यक्रम,जेलों, ग्रामीण क्षेत्रों एवं बाल गृहों में विधिक सहायता शिविर-सफलतापूर्वक एवं प्रभावी रूप से संपन्न हों। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इस सप्ताह के दौरान आम नागरिकों में विधिक अधिकारों, सरकारी योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता, महिला एवं बाल अधिकारों, साइबर सुरक्षा तथा मानवाधिकारों के प्रति अधिक जागरूकता फैलाई जाएगी। सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर न्यायोत्सव सप्ताह के कार्यक्रमों को जनहित के दृष्टिकोण से प्रभावशाली एवं सुचारू रूप से संपन्न करने के निर्देश दिए गए। उक्त बैठक में मुकेश कुमार शिवहरे सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीधी, अरविंद श्रीवास्तव अतिरिक्त पुलिस अधिक्षिक, पवन कुमार सिंह जिला शिक्षा अधिकारी सीधी, मनीष कौशिक जिला विधिक सहायता अधिकारी सीधी, श्रवण शुक्ला सांस्कृतिक प्रभारी जिला सीधी, आदर्श अभिनव मिश्रा जिला योग प्रभारी सीधी, अनुराग पांडेय परिवीक्षा अधिकारी जिला सीधी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।



