सीधी

4 नवम्बर से शुरू हुआ घर-घर मतदाता सत्यापन अभियान – नागरिकों से निर्वाचन आयोग की अपील विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के अंतर्गत 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक चलेगा अभियान

निर्वाचन आयोग भारत द्वारा मध्यप्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। इस अंतर्गत 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर 2025 तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन किया जाएगा। इस अवधि में प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाताओं के घर पहुंचकर उनके नाम, पता, आयु एवं अन्य विवरणों का भौतिक सत्यापन करेंगे।मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी म.प्र. संजीव झा ने नागरिकों से अपील की है कि जब बीएलओ आपके घर आएं, तो उन्हें पूरा सहयोग प्रदान करें। बीएलओ के पास मतदाता सूची 2025 के अनुसार प्री-प्रिंटेड एन्यूमरेशन फॉर्म होगा, जिसमें मतदाताओं का नाम, पता एवं ईपिक नंबर दर्ज रहेगा। नागरिकों से अपेक्षा की गई है कि वे इस फॉर्म में दर्ज जानकारी को ध्यानपूर्वक जांचें एवं पुष्टि करें। जिन परिवारों में कोई नया सदस्य 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुका है, उनका नाम जोड़ने हेतु बीएलओ द्वारा आवश्यक फॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, जिन परिवार सदस्यों का निधन हो गया है या जो अन्यत्र स्थानांतरित हो गए हैं, उनकी जानकारी भी बीएलओ को दी जा सकेगी ताकि उनके नाम सूची से विलोपित किए जा सकें। यह ध्यान देने योग्य है कि बीएलओ सर्वेक्षण के दौरान कोई दस्तावेज एकत्र नहीं करेंगे। दस्तावेज तभी आवश्यक होंगे जब किसी प्रविष्टि का सत्यापन पूर्ववर्ती रिकॉर्ड से मेल न खाए। ऐसी स्थिति में निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अलग से सूचना देकर दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहेगा। सभी बीएलओ आयोग द्वारा जारी अधिकृत पहचान पत्र लेकर आएंगे, अतः नागरिक उनसे पहचान-पत्र देखकर ही जानकारी साझा करें। घर-घर सत्यापन के उपरांत 9 दिसम्बर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। नागरिक 9 दिसम्बर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक अपने नाम से संबंधित दावे या आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। अंतिम मतदाता सूची 7 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी। निर्वाचन आयोग ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं। यह अभियान मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता और समावेशिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे यह सुनिश्चित होगा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल हो और कोई भी अपात्र प्रविष्टि न रहे।

Related Articles

Back to top button