“वंदे मातरम्” केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह भारत माता के प्रति हमारी अटूट निष्ठा, गौरव और समर्पण का प्रतीक है – डॉ.राजेश

राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम् के 150वां स्मरणोत्सव” समारोह के शुभारंभ का गरिमामय आयोजन सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के मुख्य आतिथ्य में कलेक्ट्रेट परिसर सीधी में किया गया। इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा सहित पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, देव कुमार सिंह चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, एसडीएम गोपद बनास राकेश शुक्ला सहित गणमान्य नागरिक, अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने एक स्वर में राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” के सभी अंतरों का सामूहिक गायन कर मातृभूमि के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। देशभक्ति से ओतप्रोत वातावरण में “वंदे मातरम्” की गूंज से समूचा परिसर मुखरित हो उठा।समारोह के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के “वंदे मातरम् स्मरणोत्सव” के अवसर पर दिए गए उद्बोधन का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे उपस्थित जनों ने उत्साहपूर्वक सुना।इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि “वंदे मातरम्” केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह भारत माता के प्रति हमारी अटूट निष्ठा, गौरव और समर्पण का प्रतीक है। यह गीत स्वतंत्रता संग्राम के समय राष्ट्रभक्तों के लिए प्रेरणास्रोत बना और आज भी हर भारतीय के हृदय में देशभक्ति की भावना को प्रज्वलित करता है। उन्होंने कहा कि मातृभूमि के प्रति समर्पण, एकता और अखंडता की भावना ही हमारे राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। “वंदे मातरम्” के उच्चारण से जिस आत्मगौरव और ऊर्जा का संचार होता है, वही भावना हमें अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान बनाती है।
डॉ. मिश्रा ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखते हुए अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करें और देश को सशक्त, आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश नवाचार, आत्मनिर्भरता और विकास की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है, और “वंदे मातरम्” का यह स्मरणोत्सव उसी आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति का सशक्त प्रतीक है।अंत में सांसद डॉ. मिश्रा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी नागरिकों, अधिकारियों, विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और कहा कि ऐसे आयोजन समाज में देशभक्ति की भावना को और सशक्त करते हैं।कार्यक्रम में पुलिस बैंड द्वारा देशभक्ति से प्रेरित आकर्षक धुनें प्रस्तुत की गईं, जिनसे समारोह का वातावरण और अधिक उत्साहपूर्ण बन गया।



