सीधी

कृषि विज्ञान केन्द्र सीधी में प्राकृतिक खेती पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख कृषि विज्ञान केन्द्र सीधी ने बताया कि केन्द्र में दिनांक 03 नवम्बर से 07 नवम्बर 2025 तक प्राकृतिक खेती पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में सीधी जिले के पाँच विकासखण्डों से आईं कुल 40 कृषि सखियों ने सहभागिता की।प्रशिक्षण के दौरान प्राकृतिक खेती के विभिन्न घटकों जैसे जीवामृत, घन-जीवामृत, सप्तपर्णी अर्क, नीमास्त्र आदि की निर्माण विधियों का प्रदर्शन एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही नरवाई प्रबंधन, पलवार, केंचुआ खाद, नाडेप कम्पोस्ट, जैविक खेती, फलों एवं सब्जियों की उन्नत तकनीक, तथा धान्य फसलों की कृषि कार्यशाला पर विस्तृत चर्चा की गई।कार्यक्रम में वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. ए.के. श्रीवास्तव, वैज्ञानिक डॉ. शैलेन्द्र सिंह गौतम, डॉ. अलका सिंह एवं सुश्री अमृता तिवारी द्वारा विषयवार प्रशिक्षण सत्र संचालित किए गए। प्रशिक्षण में उप संचालक कृषि कल्याण एवं कृषि विकास विभाग डॉ. राजेश सिंह चौहान ने भी सक्रिय सहभागिता प्रदान की।
प्रशिक्षण के दौरान कृषि सखियों ने अपने अनुभव साझा किए, प्रश्नोत्तर सत्र में सक्रिय भाग लिया तथा ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रत्येक ग्राम स्तर पर आयोजित करने का अनुरोध किया। कार्यक्रम में किसानों की समस्याओं एवं उनके समाधान पर आधारित फिल्म “माटी” का भी अवलोकन कराया गया।पांच दिवसीय प्रशिक्षण के समापन अवसर पर उप संचालक कृषि डॉ. राजेश सिंह चौहान एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं केन्द्र प्रमुख डॉ. ए. के. श्रीवास्तव द्वारा प्रतिभागी कृषि सखियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन वैज्ञानिक डॉ. शैलेन्द्र सिंह गौतम द्वारा किया गया।

Related Articles

Back to top button