शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर होगी अनुशासनात्मक कार्यवाही – सोमवंशी

सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नवम्बर माह में ए-ग्रेड प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के निराकरण के लिए सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई प्रभावी माध्यम हैं, अतः शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए।कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि शिकायत निवारण में उदासीनता या लापरवाही पर कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने 15 नवम्बर को होने वाले गौरव दिवस आयोजन की तैयारियाँ पूर्ण करने तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत में जनजातीय परिवारों के सम्मान कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों से कहा कि स्वरोजगार योजनाओं में बैंक के साथ समन्वय कर लक्ष्यों की पूर्ति करें और सूचना के अधिकार अंतर्गत मांगी गई जानकारियां समय पर उपलब्ध कराएं। बैठक में सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



