ग्राम पंचायत टिकरी में रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन धड़ल्ले से शुरू, जिम्मेदार मूकदर्शक


रात के अंधेरे में रेत का काला कारोबार ग्राम पंचायत टिकरी में होता है। ग्राम पंचायत टिकरी में रेत का अवैध उत्खनन, परिवहन धड़ल्ल के साथ शुरू है और जिम्मेदार कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।जिले के मझौली ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत टिकरी में रात के अंधेरे में रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन बेरोक-टोक चल रहा है। रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन को लेकर टिकरी सरपंच पर आरोप लग रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सीधी जिले में एक भी रेत खदान अभी चालू नहीं हुई है, बावजूद इसके सैकड़ो गाड़ी रेत का अवैध रूप से स्टाक ग्राम पंचायत टिकरी में कराया गया है। आखिर ग्राम पंचायत टिकरी में रेत का इतना बड़ा भंडार कहां से आया, यह एक बड़ा सवाल है। ग्रामीणों का आरोप है कि जेसीबी मशीन, ट्रैक्टर एवं मिनी ट्रक से रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन ग्राम पंचायत टिकरी में बेखौफ होकर कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच द्वारा जंगल में रेत का बड़ा स्टाक कराया गया है। उनके संरक्षण में ही रेत का अवैध कारोबार ग्राम पंचायत टिकरी में चल रहा है।
विडम्बना यह है कि ग्राम पंचायत टिकरी में रेत के अवैध एवं काले कारोबार को लेकर जहां क्षेत्रीय ग्रामीणों में काफी आक्रोश है वहीं जिम्मेदार प्रशासनिक अमला पूरी तरह से मूकदर्शक बना हुआ है। टिकरी क्षेत्र में रेत के अवैध कारोबार को लेकर जन-जन को जानकारी है। फिर भी जिम्मेदार विभागीय अमला ग्राम पंचायत टिकरी में आकर कोई कार्रवाई करने की जरूरत नहीं समझ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि टिकरी सरपंच को जिम्मेदार प्रशासनिक अमले का खुला संरक्षण मिला हुआ है। इसी वजह से मीडिया को भी धमकाने में पीछे नहीं रहते। ग्राम पंचायत टिकरी में रेत के चल रहे अवैध कारोबार का विरोध कुछ ग्रामीणों द्वारा किया गया। उस पर भी सरपंच द्वारा उनको भी धमकाने का प्रयास किया गया, जिससे रेत का अवैध कारोबार ग्राम पंचायत टिकरी में निर्वाध रूप से चलता रहे और कोई भी ग्रामीण मौके पर आकर विरोध करने का साहस ना जुटा सके। इसके लिये कुछ दलालों को भी लगाया गया है।
इनका कहना है-
ग्राम पंचायत टिकरी अंतर्गत पूरी रात रेत का अवैध तरीके से उत्खनन, परिवहन किया जा रहा है। अभी कलेक्टर सीधी द्वारा सीधी जिले की कोई भी खदान संचालित करने के निर्देश नहीं दिये गये हैं। फिर भी ग्राम पंचायत टिकरी के सरपंच अपनी ही गाड़ी लगाकर रेत माफियाओं के साथ रेत का उत्खनन करवा रहे हैं। गोपद नदी, डालापीपर एवं टिकरी में सैकड़ों गाडिय़ा रेत का भण्डारण किया गया है।
लालदेव सिंह, निवासी टिकरी पूर्व डीएसपी
ग्राम पंचायत टिकरी से पूरी तरह अवैध तरीके से रेत का उत्खनन, परिवहन किया जा रहा है। शिवम द्विवेदी एवं सरपंच की पार्टनरशिप में खुलेआम रेत की निकासी की जा रही है। हम लोगों के द्वारा गाड़ी रोकने पर जान से मारने की धमकी दी जाती है।
मुन्ना केवट, निवासी टिकरी
मुझे पूर्व में जानकारी हुई थी तो मैं खनिज विभाग के साथ जांच कराया था। अभी की जानकारी नहीं मिली है कि रेत का अवैध स्टाक कराया गया है। वहीं रात में बिना खदान खुले रेत का उत्खनन व परिवहन किया जाता है।
भूपेश वैश, थाना प्रभारी मड़वास
उनके क्षेत्र में रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन नहीं हो रहा है और ना ही भण्डारण हो रहा है। यह अवश्य है कि खनिज विभाग द्वारा कुछ समय पूर्व रेत की जब्ती कर ग्राम पंचायत के सुपुर्द किया गया था। वहीं रेत रखी हुई है।
तिलकराज सिंह, सरपंच ग्राम पंचायत टिकरी



