डेढ़ महीने बाद भी लमसरई प्राचार्य का नही हुआ निलम्बन

सिंगरौली जिले में चितरंगी विकास खण्ड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लमसरई में पदस्थ प्राचार्य के खिलाफ निलम्बन का प्रस्ताव सितम्बर महीने के चौथे सप्ताह में तत्कालीन कलेक्टर चन्द्रशेखर शुक्ला ने संभागायुक्त रीवा के भेजा था, लेकिन उक्त प्रस्ताव ठण्डे बस्ते में पड़ा हुआ है।गौरतलब है कि शाउम विद्यालय लमसरई के प्राचार्य पर कई गंभीर आरोप हैं। जांच उपरांत आरोप सही पाया गया था। जहां तत्कालीन कलेक्टर चन्द्रशेखर शुक्ला ने डीईओ के प्रतिवेदन के आधार पर प्राचार्य उदयबहादुर सिंह को निलम्बित किये जाने का प्रस्ताव सितम्बर महीने में संभागायुक्त रीवा के यहां भेजा गया था। लेकिन अभी तक करीब डेढ़ महीने बाद भी विवादित प्राचार्य के विरूद्ध निलम्बन की कार्रवाई नही हुई। चर्चा है कि कलेक्टर का प्रस्ताव संभागायुक्त के दफ्तर में धूल खा रहा है। प्राचार्य का अब तक निलम्बन संभागायुक्त के यहां से क्यों नही हुआ, इसको लेकर प्राचार्य के खिलाफ क्रमिक अनशन करने वाले छात्रों के अभिभावको एवं ग्रामीणों ने तरह-तरह के सवाल खड़े कर रहे हैं।



