जवारा महोत्सव में परंपरा, आस्था और सामाजिक एकता का दिखा अद्भुत संगम

सीधी। इन्द्रवती लोक कला ग्राम हस्तिनापुर में मनिराज कोल के निवास के समीप पारंपरिक आस्था और उत्साह के साथ जवारा महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं श्रद्धालु शामिल हुए।
महोत्सव की शुरुआत भगत गीत गायन से हुई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इसके पश्चात पंडा कृष्णा कोल द्वारा विधि-विधान के अनुसार घी और गुड़ से हवन कर कुल देवी का आवाहन किया गया।
हवन के उपरांत देवी की कृपा से पर्दा हटाकर जवारा दर्शन कराए गए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से दर्शन किए और देवी से घर एवं गांव की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में कृष्णा कोल, मनिराज कोल, इंदल कोल, छोटे साकेत, रजोले केवट, प्रदीप प्रजापति, गिरधारी कोल, छोटे कोल, शंकर कोल, राकेश कोल, रावेन्द्र साकेत, रावेंद्र प्रजापति, छोटू प्रजापति, सुआ कोल, कुसुमकली कोल सहित अनेक लोक कलाकारों की सक्रिय सहभागिता रही।
इसी अवसर पर इन्द्रवती नाट्य समिति से रोशनी प्रसाद मिश्र एवं रजनीश कुमार जायसवाल की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम जनजातीय परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस आयोजन में परंपरा, आस्था और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने पूरे गांव में उत्साह और उल्लास का वातावरण निर्मित कर दिया।



