सिंगरौली

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला युवक गिरफ्तार

इंस्टाग्राम पर हुई पहचान के बाद दो साल तक बनाता रहा संबंध, शादी से मुकरने पर मामला दर्ज

थाना नवानगर पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। नवानगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता गुड़िया कुमारी (परिवर्तित नाम) निवासी जिला सूरजपुर ने 21 मार्च को अपने परिजनों के साथ थाना नवानगर पहुंचकर शिकायत दर्ज कर बताया कि लगभग दो वर्ष पूर्व उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से आरोपी दिलीप कुमार पनिका उम्र 18 वर्ष निवासी ग्राम अमलाचूरी थाना माड़ा से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने युवती को शादी का झांसा दिया और 11 अगस्त को उसे बहला-फुसलाकर बैढ़न ले आया। आरोप है कि माजन मोड़ के पास आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी लगातार युवती को शादी का आश्वासन देकर संबंध बनाता रहा। जब युवती ने विवाह के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने अलग जाति का हवाला देते हुए शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ि़ता ने पुलिस की शरण ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 69, 87 और 332(सी) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछतांछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर जिला अस्पताल बैढ़न में स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जिला जेल पचौर भेज दिया गया। उक्त कार्रवाई में उनि सूर्यपाल सिंह, रूपा अग्निहोत्री, सउनि डॉ. अजीत सिंह, प्रआर बृजेन्द्र यादव, आरक्षक जगदीश तिवारी, दिलीप धाकड़, विकास तोमर एवं अमृत राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button