सीधी

प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस सीधी में सेवा भावना का संदेश, साप्ताहिक शिविर का शुभारंभ

प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस संजय गांधी स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीधी द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत गोद ग्राम नौगवा धीर सिंह में सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. प्रभाकर सिंह के निर्देशन में किया जा रहा है। शिविर का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ, तत्पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया। प्रथम दिवस उद्घाटन समारोह के साथ स्वच्छता अभियान चलाकर स्वयंसेवकों ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की। उद्घाटन अवसर पर प्राचार्य डॉ. प्रभाकर सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा भावना का विकास होता है, जिससे वे समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पनवार की प्राचार्य श्रीमती प्रतिभा भार्गव ने सभी का स्वागत करते हुए आश्वस्त किया कि शिविर के सफल संचालन हेतु विद्यालय द्वारा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विभागाध्यक्ष भौतिकी डॉ. अरविंद त्रिपाठी ने अपने अनुभव साझा किए, वहीं कार्यक्रम का विषय परिचय राष्ट्रीय सेवा योजना पुरुष इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दिलीप कुमार सोनी ने प्रस्तुत किया।
शिविर 29 मार्च 2026 तक संचालित होगा, जिसके अंतर्गत स्वास्थ्य परीक्षण, जागरूकता रैली, बौद्धिक मंथन सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में महिला इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गंगा देवी बैरागी ने आभार व्यक्त किया। शिविर में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक उत्साहपूर्वक सहभागिता कर लाभान्वित हो रहे हैं।

Related Articles

Back to top button