ममदर के जलसेन धाम जूड़ा में श्रीमद्भागवत कथा एवं यज्ञ का भव्य आयोजन

क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण का बना माहौल, श्रद्धा और आस्था का संगम
सीधी जिले में रामपुर नैकिन विकासखण्ड के ममदर गांव स्थित जलसेन धाम जूड़ा में इन दिनों पावन श्रीमद्भागवत कथा एवं वैदिक यज्ञ का भव्य एवं दिव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के मध्य संपन्न हो रहा है। इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र को धर्ममय बना दिया है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण कर रहे हैं तथा यज्ञ में आहुति देकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। वही ं ममदर गांव में आयोजित यह श्रीमद्भागवत कथा वृंदावन से पधारे आचार्य जी के श्रीमुख से अत्यंत भावपूर्ण एवं सरस शैली में प्रस्तुत की जा रही है, जिससे श्रोतागण मंत्रमुग्ध होकर भक्ति रस में लीन हो रहे हैं और आध्यात्मिक आनंद का अनुभव कर रहे हैं। ममदर गांव के आयोजन स्थल पर प्रतिदिन सुबह से ही श्रद्धालुओं का आगमन प्रारंभ हो जाता है। वे श्रद्धा भाव से कथा का रसपान करते हुए धर्म, संस्कार और सदाचार के संदेश को आत्मसात कर रहे हैं। कथा के माध्यम से मानव जीवन के मूल्यों, कर्तव्यों एवं आध्यात्मिक उन्नति का महत्व सरल और प्रभावी ढंग से बताया जा रहा है। ममदर गांव में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हो रहा यज्ञ वातावरण को पवित्र एवं ऊर्जा से परिपूर्ण कर रहा है। यज्ञ के माध्यम से समस्त जनकल्याण, सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की जा रही है। ममदर गांव में इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में ग्रामवासियों, श्रद्धालुओं एवं सहयोगकर्ताओं का विशेष योगदान रहा है। सभी ने बढ़-चढ़कर तन, मन और धन से सहयोग प्रदान किया है, जिसके फलस्वरूप यह आयोजन अत्यंत सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप में संचालित हो रहा है। ममदर गांव के आयोजकों द्वारा समस्त क्षेत्रवासियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करें, यज्ञ में आहुति दें तथा इस पावन अवसर का लाभ उठाएं। अंत में, ममदर गाँव के समस्त ग्रामवासियों द्वारा सहयोगकर्ताओं के प्रति हृदय से कृतज्ञता एवं आभार व्यक्त किया गया है।



