मध्यप्रदेश शिक्षक संघ ने किया पूर्व सैनिकों का सम्मान

अमर शहीद राजगुरु, भगतसिंह और सुखदेव के उत्सर्ग दिवस 23 मार्च को मध्यप्रदेश शिक्षक संघ की जिला इकाई सीधी ने भूतपूर्व सैनिकों सर्वश्री पुण्य प्रताप सिंह , करुणाशंकर द्विवेदी ,इन्द्र बहादुर सिंह पटेल , अनिल कुमार ,हरिहर मिश्र ,अमरबहादुर सिंह ,रामलला ,विजय बहादुर सिंह एवं विनोद कुमार द्विवेदी को पुष्पहार पहनाकर शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके द्वारा मातृभूमि की सेवा में किए गए अमूल्य अवदान को याद किया गया । रानी लक्ष्मीबाई हाईस्कूल सीधी में आयोजित गरिमा मय कार्यक्रम में अतिथि सैनिकों का स्वागत करते हुए संगठन के जिलाध्यक्ष सतीश कुमार पाण्डेय ने कहा कि मध्यप्रदेश शिक्षक संघ केवल अपने संघ के सदस्य शिक्षकों के प्रासंगिक लाभों भर की बात नहीं करता वरन् राष्ट्रीय विचारधारा से अनुप्राणित होने के कारण राष्ट्र प्रथम के भाव को लेकर अपनी यात्रा पर अनवरत चल रहा है सो देश सेवा , समाज सेवा , प्रकृति पूजन ,पर्यावरण संरक्षण ,राष्ट्रपोषी शिक्षा एवं विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण की भी चिंता करता है । देश की आवश्यकता अनुसार नागरिक गढ़ने की कारीगरी भी करता है और समयानुकूल प्राथमिकता के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका भी स्वमेव तय करता है । उसी क्रम में आज अमर शहीदों के पुण्य स्मरण के खास दिन में यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया है ।संगठन के साहित्य प्रकोष्ठ के प्रांतीय प्रमुख एवं पूर्व जिलाध्यक्ष राजबहोर पाठक ने सभी अतिथि सैनिकों का अभिनंदन करते हुए अपना विचार साझा किया कि आप सबको समर्पित पुष्पहार ,शाल और श्रीफल केवल स्थूल भौतिक सामग्री भर नहीं है ,यह कृतार्थता का , कृतज्ञता का वह आकाशीय भाव है जो देश और समाज आपके प्रति आदर से अपने अंत:करण में संजोए हुए है । कठिन दुरूह अति प्रतिकूल परिस्थितियों में भी आप सबने अपनी जान की ,परिवार की परवाह किए बिना राष्ट्र रक्षा का जो अतुलनीय अवदान दिया है, यह पुष्पहार उसी सेवा का उपादान है । यह सम्मान समारोह आयोजित कर के हम आप सब अतिथियों को विश्वास दिलाना चाहते हैं कि आपकी राष्ट्र रक्षा की सेवाओं को समाज और राष्ट्र याद रखेगा । आप सभी को आपके सुदीर्घ , निरामयी ,यशस्वी जीवन की अनंत शुभकामनाएं।जिला संगठन मंत्री शिवशंकर सिंह , जिला साहित्य प्रकोष्ठ के संयोजक कमलापति गौतम तथा अतिथि सैनिकों ने भी अपने अपने विचार रखे । कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजा से हुई कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र तिवारी ने स्वस्ति वाचन किया , विकासखण्ड सीधी के अध्यक्ष कुमुद पाण्डेय ने अतिथि आभार किया।सम्पूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन संघ के जिला सचिव रामजी शुक्ल ने किया । कार्यक्रम का समापन परंपरा अनुसार राष्ट्रगान उपरांत हुआ । उक्त अवसर पर जिला कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारी गण उपाध्यक्ष द्वय निकिता सोनी ,श्यामसुंदर तिवारी उपसचिव वीरेंद्र सिंह ,संभागीय कार्यकारिणी सदस्य सुभाष द्विवेदी ,राजेश सिंह ,अनादि मिश्र ,साधना मिश्रा महिला प्रकोष्ठ एवं संकुल प्राचार्य खैरा, अनुज तिवारी सहित दो दर्जन शिक्षक साथियों की विशेष उपस्थिति उल्लेखनीय रही ।



