पति ने पत्नी को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

बढ़ौरा में हत्या के बाद आरोपी पति फरार
सीधी जिले के सेमरिया थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम बढ़ौरा में
पति ने अपनी पत्नी को पीट- पीटकर मौत के घाट उतार दिया। बेरहमी से हुई हत्या की दिल दहला देने वाली घटना सामने आते ही इलाके में सनसनी फैल गई। घटना 23-24 मार्च की दरम्यानी रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार आरोपी पति मिथिला कोल उर्फ ललबा नशे की हालत में था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका अपनी पत्नी से विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आकर उसने पहले पत्नी को बांधा और फिर डंडे से लगातार हमला करता रहा। मारपीट इतनी क्रूर थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिससे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं घटना की सूचना आरोपी की मां सरस्वती कोल द्वारा दी गई, जिसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा ।
इनका कहना है-
प्रथम दृष्टया महिला की मौत गंभीर चोटों के कारण हुई प्रतीत हो रही है। गला दबाने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।
केदार परौहा, थाना प्रभारी सेमरिया



