कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा की, गुणवत्ता व समयबद्धता पर दिया जोर

सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गत वर्ष किए गए कार्यों का भौतिक सत्यापन किया जाए तथा जो कार्य अधूरे हैं उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए। साथ ही सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि इस वर्ष किए जाने वाले कार्यों के चयन में उनकी उपयोगिता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा उन्हें स्थानीय लोगों की आजीविका से जोड़ने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी कार्यों का चयन सीपरी सॉफ्टवेयर के माध्यम से ही किया जाए और शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में पौधारोपण की कार्ययोजना तैयार करने, पंचायतों के आय के स्रोतों में वृद्धि करने तथा जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने पेयजल समस्याओं पर सतत निगरानी रखने एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी उपस्थित रहे, जबकि जनपद पंचायतों एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अधिकारी वर्चुअली जुड़े। कलेक्टर ने कहा कि समन्वित प्रयासों, नियमित मॉनिटरिंग और गुणवत्ता पर ध्यान देकर जल गंगा संवर्धन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।



