पेट्रोल-डीजल व एलपीजी गैस आपूर्ति पर सतत मॉनिटरिंग, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

• नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
सीधी प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी (घरेलू गैस) की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 25 मार्च 2026 को अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में नगरीय क्षेत्र सीधी के समस्त पेट्रोल पंप संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में स्पष्ट किया गया कि जिले में ईंधन एवं गैस आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा तेल कंपनियों द्वारा निरंतर आपूर्ति की जा रही है। इसके साथ ही एलपीजी गैस की उपलब्धता भी पर्याप्त है और गैस एजेंसियों के माध्यम से नियमित वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी गैस की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और आम नागरिकों को सुचारू रूप से आवश्यक संसाधन उपलब्ध हो सकें। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल-डीजल एवं गैस का उपयोग करें, जिससे अनावश्यक दबाव की स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासन की सतत मॉनिटरिंग एवं समन्वित प्रयासों से जिले में ईंधन एवं गैस आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू एवं नियंत्रित बनी हुई है।



