कक्षा 5वीं-8वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित, सीधी जिले का शानदार प्रदर्शन

- कक्षा 5वीं में सीधी जिला प्रदेश में 10वें स्थान पर तथा कक्षा 8वीं में 14वें स्थान पर
संभाग में प्रथम स्थान पर
राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल में शिक्षा मंत्री की उपस्थिति में कक्षा 5वीं एवं 8वीं की वार्षिक बोर्ड परीक्षा का परिणाम बुधवार को घोषित किया गया, जिसमें सीधी जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय स्थान हासिल किया है। कक्षा 5वीं में सीधी जिला प्रदेश में 10वें स्थान पर तथा कक्षा 8वीं में 14वें स्थान पर रहा, जबकि समग्र प्रदर्शन के आधार पर जिले ने रीवा संभाग में प्रथम स्थान प्राप्त कर गौरव बढ़ाया है।
जिला परियोजना समन्वयक विनय मिश्रा ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के द्वारा शिक्षा व्यवस्था में सतत मॉनिटरिंग, गुणवत्ता सुधार के प्रयास एवं समन्वित कार्यप्रणाली के चलते यह सकारात्मक परिणाम सामने आया है। बेहतर परीक्षा परिणाम पर जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना समन्वयक ने विभागीय अमलेकृएपीसी, बीआरसीसी, बीएससी, सीएसी सहित सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए इसे विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और जिले में शिक्षा के प्रति बने सकारात्मक माहौल का परिणाम बताया है।
विकासखंडवार परिणामों पर नजर डालें तो कक्षा 8वीं में कुसमी 98.48 प्रतिशत, मझौली 95.80 प्रतिशत, रामपुर नैकिन 97.15 प्रतिशत, सीधी 97.39 प्रतिशत एवं सिहावल 95.66 प्रतिशत रहा। वहीं कक्षा 5वीं में कुसमी 99.57 प्रतिशत, मझौली 98.27 प्रतिशत, रामपुर नैकिन 97.87 प्रतिशत, सीधी 98.93 प्रतिशत एवं सिहावल 97.25 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया। विशेष रूप से शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जूरी का कक्षा 8वीं सत्र 2025-26 का परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत रहा, जो जिले के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, प्रभावी मॉनिटरिंग और सामूहिक प्रयासों का सशक्त प्रमाण है।



