न्याय न मिलने पर आत्महत्या की चेतावनी

उधारी के पैसों के विवाद में भाजपा मंडल अध्यक्ष के पति पर जानलेवा हमला सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत जेठूला गांव में उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष के पति पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है।इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मामला दर्ज होने के बावजूद उन्हें लगातार सामाजिक और पारिवारिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है, जिसके चलते वे पिछले चार दिनों से घर में ही कैद रहने को मजबूर हैं । जानकारी के अनुसार मायापुर भाजपा मंडल अध्यक्ष सियाकुमारी के पति कमलेश पर गांव के ही योगेंद्र बहादुर सिंह द्वारा कथित रूप से हमला किया गया । बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से उधारी पैसों को लेकर विवाद चल रहा था, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गया । इस दौरान कमलेश को गंभीर चोटें आईं । घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर बहरी थाना पुलिस ने आरोपी योगेंद्र बहादुर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है,हालांकि पीड़ित परिवार का कहना है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद भी उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है और आरोपी पक्ष द्वारा समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा है । पीड़ित कमलेश ने एक वीडियो जारी कर अपनी पीड़ा व्यक्त की है ।वीडियो में उन्होंने आरोप लगाया है कि उन्हें और उनके परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं । उन्होंने कहा कि यदि उन्हें जल्द न्याय नहीं मिला तो वे बहरी थाने में ही फांसी लगाकर आत्महत्या करने को मजबूर हो जाएंगे ।इस बयान के बाद प्रशासनिक अमले में भी हलचल मच गई है ।वहीं इस पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी आश्वासन दिया है कि पीड़ित परिवार की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा । फिलहाल इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग पुलिस की आगामी कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं ।पीड़ित परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है ताकि उन्हें न्याय मिल सके।



