पहाड़ी से टकराकर बल्कर पलटा, चालक गंभीर

सीधी जिले के सेमरिया थाना अंतर्गत देवनाढ़ के समीप आज दोपहर एक तेज रफ्तार बल्कर अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकराकर पलट गया। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के पश्चात रीवा रेफर कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार घटना रविवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बल्कर रीवा की ओर से सीधी की तरफ आ रहा था। अचानक बल्कर का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पहाड़ी से टकराते हुए पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि चालक वाहन के अंदर फंस गया और उसे गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद शुरू की और 108 एंबुलेंस को बुलाया। एंबुलेंस के माध्यम से घायल चालक को जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया गया। वहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रीवा रेफर कर दिया। हादसे में घायल चालक की पहचान फौरी तौर पर नहीं हो सकी, जिससे पुलिस को विवेचना में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सेमरिया थाना प्रभारी केदार परौहा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा।



