सीधी

कम संसाधनों में बड़ा कमाल: कंजवार विद्यालय बना नवाचार और गुणवत्ता शिक्षा का मॉडल- संजय चन्सूरया

• राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के अधिकारी पंहुचे माध्यमिक शाला कंजवार

शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय कंजवार का राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल से संजय चन्सूरया एवं जिला शिक्षा केंद्र सीधी से सहायक यंत्री सत्य प्रकाश तिवारी द्वारा गुरूवार को निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा उनके शैक्षणिक स्तर का अवलोकन किया, जिसमें बच्चों का आत्मविश्वास एवं समझ सराहनीय रही। विद्यालय में संचालित एफएलएन टीएलएम गार्डन एवं बिरसा मुंडा उद्यान के अंतर्गत क्यूआर कोड आधारित शिक्षण, प्रोजेक्टर व लैपटॉप के माध्यम से डिजिटल शिक्षा तथा नवाचार गतिविधियों को विशेष रूप से सराहा गया। अधिकारियों ने कहा कि मध्यप्रदेश में इस प्रकार का सुव्यवस्थित, नवाचार युक्त एवं गुणवत्तापूर्ण शासकीय विद्यालय विरले ही देखने को मिलता है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि जहां अधिकांश शासकीय विद्यालयों में नामांकन घट रहा है, वहीं कंजवार विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या बढ़कर 202 तक पहुंचना उल्लेखनीय उपलब्धि है। इस सफलता का श्रेय उन्होंने प्रधानाध्यापक शैलेन्द्र प्रताप सिंह बालेन्दु एवं समस्त शिक्षकगण के समर्पण, नवाचार और सतत प्रयासों को दिया। साथ ही विश्वास व्यक्त किया कि यह विद्यालय शीघ्र ही प्रदेश के श्रेष्ठ विद्यालयों में अपनी पहचान बनाएगा। विद्यालय की प्रगति में जिला एवं ब्लाक स्तर के सभी शिक्षा विभाग के अधिकारियों का मार्गदर्शन एवं सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया गया। यह निरीक्षण कंजवार विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण क्षण रहा, जिसने सिद्ध किया कि दृढ़ संकल्प और नवाचार से सीमित संसाधनों में भी उत्कृष्ट शिक्षा संभव है।

Related Articles

Back to top button