सीधी

लोकसभा में गूंजा औद्योगिक कॉरिडोर और केंद्रीय विश्वविद्यालय का मुद्दा

• सांसद ने बरगवां–कटनी मार्ग के उन्नयन एवं लोकसभा क्षेत्र में केंद्रीय विश्वविद्यालय खोलने की उठाई मांग

संसदीय क्षेत्र सीधी के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने लोकसभा में शून्यकाल के दौरान क्षेत्र के विकास एवं बुनियादी सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को उठाया। उन्होंने बरगवां से कटनी (परसौना, रजमिलान, सरई, टिकरी, मड़वास, मझौली, ब्यौहारी व विजयसोता मार्ग) को औद्योगिक कॉरिडोर के रूप में स्वीकृति प्रदान करने और इसे राष्ट्रीय राजमार्ग में उन्नयन कर फोरलेन सड़क निर्माण कराने की पुरजोर मांग सदन में रखी। सांसद ने कहा कि यह मार्ग औद्योगिक एवं आर्थिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके उन्नयन से क्षेत्र में उद्योग, व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से इस प्रस्ताव पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया, जिससे सीधी–सिंगरौली सहित पूरे विंध्य क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिल सके। सांसद ने एक दिन पूर्व ही सदन के अंदर शून्य काल मे लोकसभा क्षेत्र मे केंद्रीय विश्वविद्यालय खोलने की मांग रखी थी उन्होंने सदन को बताया कि सम्पूर्ण लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत कोई भी विश्वविद्यालय नहीं है तथा सीधी सिंगरौली के दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों को उच्च शिक्षा ग्रहण करने एवं अध्ययन अध्यापन संबंधित अन्य विषयों को लेकर 300 किलोमीटर दूर तक का सफर करना पड़ता है । क्षेत्र मे एक केंद्रीय विश्वविद्यालय खुल जाने से उच्च शिक्षा के स्तर पर व्यापक सुधार होगा और विश्वविद्यालयीन कार्यों हेतु छात्रों को अन्यत्र जाना नहीं पडे़गा। सांसद की इन जनहितैषी मांगो को लेकर क्षेत्र मे व्यापक जन समर्थन प्राप्त हो रहा है तथा क्षेत्र वासियों ने लोकसभा मे इन महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से रखे जाने पर अपनी प्रसन्नता प्रकट की है।

Related Articles

Back to top button