धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम बने भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सहमति से पार्टी के मीडिया विभाग में बड़े स्तर पर पदाधिकारियों की घोषणा की गई है। जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार प्रदेशभर से 23 नेताओं को प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। इस सूची में सीधी जिले के लिए गौरव की बात सामने आई है, जहां धौहनी विधानसभा क्षेत्र से विधायक कुंवर सिंह टेकाम को प्रदेश प्रवक्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।जैसे ही यह नियुक्ति पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, सीधी जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने इसे जिले के राजनीतिक कद में वृद्धि के रूप में देखा और जगह-जगह बधाइयों का दौर शुरू हो गया। इस नियुक्ति से प्रदेश स्तर पर सीधी जिले की सीधी भागीदारी बढ़ेगी सरकार और संगठन की बात मजबूती से रखने का अवसर मिलेगा। प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उपाध्याय अग्रवाल ने नियुक्ति पत्र जारी किया, उसके अनुसार पार्टी ने मीडिया प्रबंधन को मजबूत करने के उद्देश्य से यह नियुक्तियां की हैं। इसमें वर्तमान विधायक, पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेताओं को शामिल कर संतुलित टीम तैयार की गई है।



