गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार, अब शिकायत पर तुरंत होगा समाधान

घरेलू गैस की उपलब्धता को सुगम और पारदर्शी बनाने के लिए जिले में एक प्रभावी पहल की गई है। प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी ने जानकारी दी कि जिला नोडल अधिकारी एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा प्रताप गैस एजेन्सी का औचक निरीक्षण किया गया।जांच के दौरान पाया गया कि 22 मार्च 2026 तक की बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर का वितरण किया जा रहा है। एजेंसी प्रबंधन के अनुसार, वर्तमान में सामान्य दिनों की तुलना में बुकिंग संख्या अधिक होने से बैकलॉग बढ़ा है, हालांकि कंपनी से गैस की आपूर्ति लगातार मिल रही है और लंबित बुकिंग को जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। इसी के साथ जिले में भारत पेट्रोलियम कॉर्पाेरेशन लिमिटेड द्वारा सिटी गैस वितरण योजना के अंतर्गत नगर पालिका सीधी, नगर परिषद रामपुर नैकिन और नगर परिषद चुरहट में पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से जारी है। नगर पालिका सीधी क्षेत्र में 147 परिवारों को ट्रायल आधार पर पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं, जबकि जल्द ही चुरहट और रामपुर नैकिन में भी पीएनजी ट्रायल शुरू किया जाएगा। यह पहल शासन की उस मंशा को दर्शाती है, जिसमें उपभोक्ताओं को निर्बाध, सुरक्षित और सुविधाजनक गैस आपूर्ति सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। पीएनजी व्यवस्था लागू होने से भविष्य में सिलेंडर पर निर्भरता कम होगी और उपभोक्ताओं को अधिक सुविधा मिलेगी। उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया गया है। जिन हितग्राहियों को रिफिल सिलेंडर प्राप्त करने में किसी प्रकार की समस्या हो, वे 8839677266 पर अपना बुकिंग नंबर, तिथि, उपभोक्ता क्रमांक और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर भेजकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।



