सब्जी मंडी जरौधा का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा ने सब्जी मंडी जोरौंधा के निरीक्षण के दौरान मंडी की समुचित व्यवस्था, सुरक्षा एवं स्वच्छता को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं व्यापारी संघ के साथ चर्चा की। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मंडी के लिए आवंटित भूमि का सीमांकन शीघ्र कराने के लिए राजस्व विभाग को निर्देशित किया। व्यापारी संघ से मंडी की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने में सहयोग करने के संबंध में चर्चा की गई। इसके तहत 45 पंजीकृत व्यापारियों की सूची उपलब्ध कराने, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, व्यापारी कल्याण निधि की स्थापना एवं राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंडी का साइन बोर्ड लगाने जैसे कार्यों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। मंडी की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 2 होमगार्ड की शिफ्टवार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही व्यापारियों से मंडी परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, प्लास्टिक बैग के स्थान पर बायोडिग्रेडेबल बैग का उपयोग करने की अपील की गई। स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए प्लास्टिक डस्टबिन के स्थान पर सीमेंट डस्टबिन लगाने हेतु निर्देशित किया गया। कलेक्टर द्वारा ग्राम पंचायत के सचिव को आगामी ग्राम सभा में सेवा कर (सर्विस टैक्स) वसूली का प्रस्ताव पारित कराने एवं न्यूनतम मजदूरी अधिनियम के परिपेक्ष्य में सफाई कर्मियों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त मंडी क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने पर भी जोर दिया गया। भ्रमण के दौरान उपखंड अधिकारी गोपद बनास राकेश शुक्ला, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रिया पाठक सहित संबंधित अधिकारी गण उपस्थित रहे ।



