प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में स्टार्टअप्स व प्रोटोटाइप्स का प्रदर्शन

प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस संजय गांधी स्मृति शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीधी के इन्क्यूबेशन सेंटर में “शोकेजिंग स्टार्टअप्स एंड प्रोटोटाइप टू मेंटर्स” विषय पर कार्यक्रम का आयोजन 7 अप्रैल 2026 को किया गया। यह आयोजन मध्य प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी कैलेंडर के अनुसार अप्रैल माह के प्रथम सप्ताह में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों द्वारा विकसित स्टार्टअप आइडियाज एवं प्रोटोटाइप्स को अनुभवी मेंटर्स के समक्ष प्रस्तुत करना, उनका फीडबैक प्राप्त करना तथा उद्यमिता के क्षेत्र में व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान करना रहा। इस अवसर पर इन्क्यूबेशन सेंटर के नोडल अधिकारी राकेश कुमार प्रजापति ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इन्क्यूबेशन सेंटर युवाओं में उद्यमशीलता की भावना को विकसित करने का सशक्त माध्यम है, जो उनके नवाचारों को वास्तविक स्वरूप देने में सहायक सिद्ध होता है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को आत्मनिर्भरता और स्थानीय नवाचार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में छात्र अभिनय शर्मा, मनीष केवट, अभिरामचंद्र कुशवाहा, सचिन सिंह परिहार, अमन सिंह चौहान, ऋषभ शुक्ला एवं छात्रा त्रिशाला सिंह ने अपने नवाचारपूर्ण स्टार्टअप विचारों एवं प्रोटोटाइप्स का प्रदर्शन किया। मेंटर्स द्वारा प्रत्येक प्रस्तुति पर विस्तार से चर्चा करते हुए सुधार हेतु सुझाव दिए गए तथा बाजार संभावनाओं, फंडिंग, स्केलिंग एवं चुनौतियों से निपटने के संबंध में उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम में इन्क्यूबेशन सेंटर के नोडल अधिकारी, सहायक नोडल अधिकारी एवं अन्य सदस्यगण की उपस्थिति रही।



