जनसुनवाई में संवेदनशीलता के साथ सुनवाई, महिलाओं-बुजुर्गों को मिली प्राथमिकता

• जनसुनवाई में 600 से अधिक आवेदकों की समस्याएं सुनीं, कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
सीधी में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में कलेक्टर विकास मिश्रा ने 600 से अधिक आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सुबह 11 बजे से प्रारंभ होकर सायं 6.30 बजे तक चली इस जनसुनवाई में जिलेभर से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जनसुनवाई के दौरान महिलाओं एवं बुजुर्गों के आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर सुना गया, जिससे उन्हें अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को ध्यानपूर्वक सुनते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का निराकरण पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदक को उसके आवेदन के निराकरण की निर्धारित समयावधि स्पष्ट रूप से बताई जाए तथा निराकरण होने पर संबंधित अधिकारी स्वयं आवेदक को अवगत कराएं। कलेक्टर ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की नियमित समीक्षा की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनसुनवाई में आधार से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए विशेष पहल की गई। आधार में त्रुटियों के कारण विभिन्न योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हितग्राहियों की समस्या को देखते हुए आधार टीम को भी मौके पर उपस्थित रखा गया। शिविर में ही बायोमेट्रिक एवं डेमोग्राफिक अपडेट की प्रक्रिया पूरी की गई तथा नए आधार कार्ड भी बनाए गए। इसके अतिरिक्त जनसुनवाई में आयोजित मेडिकल शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा नागरिकों का व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ ही रक्तचाप, शुगर सहित अन्य आवश्यक परीक्षण किए गए। चिकित्सकों द्वारा मरीजों को उनके स्वास्थ्य के अनुसार परामर्श दिया गया तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया गया। गंभीर रोगों से संबंधित मरीजों को आगे के उपचार हेतु जिला चिकित्सालय अथवा संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर किया गया। इस पहल से दूरदराज से आए नागरिकों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हुईं, जिससे उन्हें काफी राहत मिली। जनसुनवाई कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रिया पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



