जबलपुर के युवक का संदिग्ध हालत में छत पर मिला शव

सीधी शहर से लगे पड़रा में किराये के मकान में रहने वाले जबलपुर के एक युवक का शव बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में मकान के बगल में छज्जे पर मिलने से समूचे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्यप्रकाश त्रिपाठी अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारी को घटना से अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने भी मौके पर पहुंच कर घटना स्थल का मुआयना किया। विवेचना में जुटे पुलिस अधिकारियों को उनके द्वारा आवश्यक निर्देश दिए गए। फिलहाल घटना को लेकर कुछ संदेहियों से पुलिस पूंछताछ कर रही है। मामले का जल्द ही खुलासा होने के बात पुलिस द्वारा कही जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार भवन निर्माण का कार्य करने वाला राजू पटेल पिता अमरेन्द्र उम्र 45 वर्ष निवासी जबलपुर जो कि सांई स्कूल पडऱा के पास कैश गुप्ता के यहां किराए से रहता था। बताया गया है कि वह 4 अप्रैल को अपने घर जबलपुर से सीधी आया था। इस दौरान क्या घटना हुई कि दो दिन बाद 6 अप्रैल को उसका शव किराए के मकान के बगल में छज्जे पर मिला। जमोड़ी पुलिस द्वारा पंचनामा के बाद शव को पीएम के लिए रवाना किया। परिजनों के आने के बाद आज मंगलवार को पीएम होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जल्द मामले का किया जाएगा खुलासा: एसपी इस मामले में पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद सोमवार की रात मैं भी मौके पर पडऱा पहुंचा था। पूरे मामले की जांच हो रही है। जबलपुर से परिजनों को बुलाकर पूंछतांछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। घटना को लेकर की जा रही जांच-पड़ताल: दिव्यप्रकाश इस मामले में जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्यप्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होने कहा कि पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में पूरी टीम लगी है। जल्द ही इसका खुलासा होगा। एक जवाब में उन्होने कहा कि हम यह नहीं बता सकते कि कौन हिरासत में हैं, यह पूरी घटना की सच्चाई के बाद ही स्पष्ट करूंगा।



