सीधी के लाल आकाश सिंह बने जीएसटी इंस्पेक्टर, बढ़ाया जिले का मान

सीधी शहर के समीपी ग्राम डेम्हा के प्रतिभाशाली युवक आकाश सिंह ने एसएससी सीजीएल की परीक्षा पास कर जीएसटी इंस्पेक्टर के पद पर चयनित होकर इतिहास रच दिया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में खुशी की लहर है, बल्कि पूरे जिले और क्षेत्र में गर्व का माहौल है। आकाश सिंह पिता दीपनारायण सिंह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ग्राम डेम्हा के ही विद्यालय से प्राप्त की। ग्रामीण परिवेश और सीमित संसाधनों के बीच पले-बढ़े आकाश ने बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गहरी रुचि और अनुशासन बनाए रखा। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने कक्षा 9वीं से एक्सिलेंस स्कूल क्रमांक 1 सीधी में प्रवेश लिया, जहां से उन्होंने अपनी शैक्षणिक यात्रा को नई दिशा दी। कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण के दम पर आकाश ने यह सफलता हासिल की। उन्होंने अपनी तैयारी के दौरान कठिन परिस्थितियों को भी अपनी राह में बाधा नहीं बनने दिया और लगातार प्रयास करते हुए यह मुकाम हासिल किया। आकाश की इस उपलब्धि पर सीधी के सांसद राजेश मिश्रा ने उनके घर पहुंच कर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं ग्राम डेम्हा के सरपंच गणेश सिंह सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भी आकाश को बधाई देते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया। परिजनों ने बताया कि आकाश शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं और उनका सपना देश सेवा के क्षेत्र में योगदान देने का था, जो आज साकार हुआ है। उनकी इस सफलता से क्षेत्र के युवाओं में एक नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार हुआ है। आकाश सिंह की यह उपलब्धि यह सिद्ध करती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो किसी भी परिस्थिति में सफलता प्राप्त की जा सकती है। आज वे न केवल अपने गांव डेम्हा, बल्कि पूरे सीधी जिले के लिए प्रेरणा बन चुके हैं।



