जिला पंचायत सीईओ ने देवसर में की जल गंगा संवर्धन और विकास कार्यों की समीक्षा

• पेयजल संकट दूर करने के दिए निर्देश-
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमेद ने जनपद पंचायत देवसर का भ्रमण कर विभिन्न विकास योजनाओं और जनहितकारी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने विशेष रूप से जल संरक्षण, मनरेगा और आगामी ग्रीष्म ऋतु में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।जल गंगा संवर्धन अभियान और जनभागीदारी को लेकरसीईओ जगदीश गोमेद ने ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत क्षेत्र के जल स्रोतों के पुनरुद्धार की प्रगति जांची। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल संरक्षण के कार्यों में जनभागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुराने तालाबों, कुओं और बावड़ियों की साफ-सफाई व गहरीकरण के कार्य में स्थानीय ग्रामीणों को जोड़ें, ताकि जल स्तर में सुधार हो सके और पर्यावरण का संरक्षण सुनिश्चित हो।मनरेगा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश-महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) की समीक्षा करते हुए श्री गोमेद ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में श्रमिकों को समय पर रोजगार उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता न करने और समय सीमा के भीतर मस्टरोल बंद कर भुगतान प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।ग्रीष्मकालीन पेयजल संकट का समाधान-बढ़ती गर्मी और ग्रीष्म ऋतु की दस्तक को देखते हुए सीईओ ने पेयजल संकट पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और जनपद स्तर के अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र के सभी खराब हैंडपंपों को तत्काल ठीक किया जाए। जहां जल स्तर नीचे चला गया है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। किसी भी ग्राम पंचायत में पीने के पानी की किल्लत न होने पाए, इसके लिए कंट्रोल रूम के माध्यम से निगरानी रखी जाए।अधिकारियों को सख्त चेतावनी-समीक्षा बैठक के अंत में जिला पंचायत सीईओ ने लापरवाह कर्मचारियों और समय पर कार्य पूर्ण न करने वाले जिम्मेदारों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर एसडीएम देवसर सौरव मिश्रा, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रणव पाठक , जनपद सीईओ सहित विभिन्न विभागों के उपयंत्री, पंचायत समन्वयक और सरपंच ,सचिव ,ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहे।




