सीधी

भुईमाड़ में आयोजित जनचौपाल में सांसद व धौहनी विधायक ने सुनीं समस्याएं

राज्य शासन की मंशानुरूप जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण एवं आमजन से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से रविवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भुईमाड़ के ग्राउंड में रात्रि भुईमाड़ ग्राम में जनचौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा एवं धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने उपस्थित होकर ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान सीधी सांसद ग्रामीण क्षेत्र भुईमाड़ में ही रात्रि विश्राम किये।रात्रि लगभग 8 बजे प्रारंभ हुए इस जनसंवाद कार्यक्रम में क्षेत्रीय नागरिकों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। खंड स्तरीय प्रशासनिक अमला भी मौके पर उपस्थित रहा, जिससे प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। ग्रामीणों द्वारा विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन एवं मौखिक समस्याएं प्रस्तुत की गईं, जिनके निराकरण हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। इस अवसर पर विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंच रहा है या नहीं, इसका प्रत्यक्ष मूल्यांकन करने हेतु जनप्रतिनिधि ग्राम स्तर पर संवाद स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्राप्त समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। वहीं सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि जनचौपाल के माध्यम से आमजन की समस्याओं को निकटता से समझकर उनके समाधान हेतु ठोस पहल की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लें तथा सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। इस दौरान उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर आयोजित ग्राम सभाओं में सहभागिता, बालिकाओं के एचपीवी टीकाकरण को प्रोत्साहित करने एवं नशामुक्ति अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया। जनचौपाल के आयोजन से ग्रामीणों में सकारात्मक वातावरण का निर्माण हुआ है तथा शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास और अपेक्षा में वृद्धि हुई है। इस मौके पर जनपद सदस्य सावित्री देवी पनिका,सरपंच भुईमाड़ लल्ली देवी सिंह, एसडीएम कुसमी शैलेश द्विवेदी, तहसीलदार नारायण सिंह, जनपद पंचायत सीईओ ज्ञानेंद्र मिश्रा, बीआरसीसी अंगिरा प्रसाद द्विवेदी,संकुल प्राचार्य सुजीत कुमार सिंह,अखंड प्रताप सिंह, सुरेंद्र बैस,रामजियावन गुप्ता, रमाशंकर जायसवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button