सांसद व धौहनी विधायक ने हाईस्कूल का किया निरीक्षण

सीधी जिले के भुईमाड़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुरईनडोल स्थित शासकीय हाई स्कूल में उस समय उत्साह और जागरूकता का माहौल देखने को मिला, जब सांसद डॉ. राजेश मिश्रा एवं धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं भौतिक व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए प्राचार्य अजीत सिंह द्वारा किए गए नवाचारों की सराहना की। विशेष रूप से गांव में बिजली न होने के बावजूद सोलर पैनल के माध्यम से सभी कक्षों में पंखों की व्यवस्था किए जाने पर विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विधायक निधि से उच्च गुणवत्ता वाले सोलर पैनल हेतु 5 लाख रुपये तथा अतिरिक्त कक्ष निर्माण एवं छत मरम्मत के लिए राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली तथा प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के उपरांत विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता निभाई। मौके पर ही हैंडपंप की पाइप भी बदलवाई गई। इस पहल से स्वच्छता एवं जल संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। इस अवसर पर एसडीएम कुसमी शैलेश द्विवेदी, तहसीलदार नारायण सिंह, जनपद पंचायत सीईओ ज्ञानेंद्र मिश्रा एवं बीआरसीसी अंगिरा प्रसाद द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही अखंड प्रताप सिंह, सुरेंद्र बैस, रामजियावन गुप्ता सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह आयोजन शिक्षा, स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता के प्रति प्रेरणादायक संदेश देने में सफल रहा।



