सीधी

सीधी की बेटियों ने कुश्ती के अखाड़े में रचा इतिहास

• पहली बार ओपन स्टेट प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर प्राची केवट ने जीता रजत पदक

सीधी जिला कलेक्टर विकास मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के सतत मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला खेल अधिकारी अरविन्द श्रीवास्तव के कुशल नेतृत्व में सीधी जिले की खेल प्रतिभाएं प्रदेश स्तर पर अपनी चमक बिखेर रही हैं। इसी कड़ी में जबलपुर में आयोजित मध्य प्रदेश एमेच्योर कुश्ती संघ की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 21-23 फरवरी 2026 में सीधी के खिलाड़ियों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। जिले के खेल इतिहास में यह पहला अवसर है जब बालिकाओं ने ‘ओपन स्टेट’ कुश्ती में भाग लिया और पदार्पण के साथ ही पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।खिलाड़ियों की इस स्वर्णिम सफलता पर कलेक्टर सीधी, पुलिस अधीक्षक सीधी, खेल विभाग के समस्त कर्मचारी , कोच खेल एवं युवा कल्याण विभाग सीधी और जिला कुश्ती प्रेमी गुरु आशिक अली पालिका व्यायाम शाला के उस्ताद गुरु जिले के खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए प्राची केवट और पूरी टीम को बधाई दी है।

सटीक रणनीति और कड़ा प्रशिक्षण-

उल्लेखनीय है कि इन खिलाड़ियों को संसद कप और ‘खेलो एमपी यूथ गेम्स’ की तर्ज पर ही विशेष रणनीति के तहत तैयार कर प्रतियोगिता हेतु भेजा गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला खेल अधिकारी अरविन्द श्रीवास्तव की सीधी निगरानी में खिलाड़ियों को कठिन प्रशिक्षण और अभ्यास कराया गया, जिसके सुखद परिणाम आज पदक के रूप में सामने आए हैं।

प्रतियोगिता की प्रमुख उपलब्धियां-

जबलपुर में आयोजित इस गरिमामयी स्पर्धा में सीधी के पहलवानों ने अपनी तकनीक का लोहा मनवाया। प्राची केवट 46 किग्रा भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल (रजत पदक) अपने नाम किया। अलबिया खान 50 किग्रा भार वर्ग में कड़े मुकाबले के बाद प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया। कृष्ण कुमार सिंह 44 किग्रा में अपनी प्रतिभा दिखाते हुए चौथे स्थान पर रहे। ओम केवट 48 किग्रा भार वर्ग में पांचवां स्थान प्राप्त किया।

पुलिस लाइन ट्रेनिंग सेंटर में निखर रही प्रतिभा-

ये सभी होनहार खिलाड़ी पुलिस लाइन स्थित सामुदायिक भवन सीधी में नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा समय-समय पर दिए जाने वाले मार्गदर्शन और सुविधाओं के कारण ही सीधी की बेटियां कुश्ती जैसे चुनौतीपूर्ण खेल में इतिहास रच रही हैं। पहली बार ओपन कैटेगरी में भाग लेकर मेडल जीतना जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

इनका कहना है-

सीधी की बेटियों का यह प्रदर्शन हमारे लिए अत्यंत गर्व का विषय है। हमने खिलाड़ियों को संसद कप और खेलो एमपी के उच्च मानकों के अनुरूप तैयार किया था। हमारा प्रयास है कि जिला पुलिस और खेल विभाग के समन्वय से सीधी के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएं।

अरविन्द श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला खेल अधिकारी, सीधी

Related Articles

Back to top button