नेशनल लोक अदालत के माध्यम से होगा विवादों का सौहार्दपूर्ण एवं शीघ्र निस्तारण

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश और अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रयागलाल दिनकर के मार्गदर्शन में वर्ष की दूसरी नेशनल लोक अदालत 09 मई 2026 का आयोजन जिला न्यायालय सीधी तथा सिविल न्यायालय चुरहट, रामपुर नैकिन एवं मझौली में किया जायेगा। यतीन्द्र कुमार गुरू विशेष न्यायाधीश एवं प्रभारी अधिकारी नेशनल लोक अदालत की अध्यक्षता में नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण हेतु गुरुवार दिनांक 16 अप्रैल 2026 को विद्युत विभाग, नगर पालिका, के अधिकारीगणों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। विशेष न्यायाधीश एवं प्रभारी अधिकारी ने संबंधित विभागों को आगामी नेशनल लोक अदालत की तैयारी के संबंध में विस्तृत चर्चा कर – संबंधित विभाग को लोक अदालत हेतु अपने लंबित प्रकरणों की अद्यतन सूची तैयार कर निर्धारित समय से पूर्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीधी को उपलब्ध कराए। साथ ही ऐसे प्रकरण जिनमें सामंजस्य की संभावना है, उन्हे प्राथमिकता के आधार पर लोक अदालत में प्रस्तुत किया जाए, जिससे अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण किया जा सके ताकि आमजन को त्वरित, सरल और किफायती न्याय उपलब्ध कराया जा सके। जिला विधिक सहायता अधिकारी मनीष कौशिक द्वारा बताया कि- नेशनल लोक अदालत में लंबित राजीनामा योग्य प्रकरणों एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण किया जावेगा। लोक अदालत के माध्यम से राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरणों, सिविल प्रकरणों, चेक बाउंस प्रकरणों, वैवाहिक एवं पारिवारिक प्रकरणों, विद्युत अधिनियम के प्रकरणों, धन वसूली प्रकरणों आदि का निराकरण पक्षकारों की आपसी सहमति से किया जावेगा। उक्त बैठक में सचिन चन्द्रा सहायक यंत्री विद्युत विभाग, मनबहोर पटेल विद्युत विभाग, ललोहर प्रसाद साहू नगर पालिका परिषद सीधी उपस्थित रहे।



