देर रात बाहर से दरवाजा बंद कर चोरों ने लाखों के जेवरात उड़ाये

• जेवरात उड़ा कर रफूचक्कर हो गये चोर
चोरी की इस वारदात को आधा दर्जन बदमाशों से अंजाम दिया। चोरी की इस वारदात का सीसीटीव्ही फुटेज सामने आने पर जमोड़ी थाना पुलिस विवेचना में जुटी हुई है। यह पूरा मामला समीप ग्राम पंचायत पडऱा का सामने आया है।अभिषेक उर्फ रवी सिंह परिहार पिता धीरेन्द्र सिंह उम्र 33 वर्ष निवासी ग्राम पडऱा ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि वे अपनी पत्नी और बच्चे के साथ पीटीएस कालोनी रीवा में रहते हैं। घर में मेरे पिता धीरेन्द्र, मां कमला सिंह, बहन आभा सिंह, भाई आनंद सिंह रहते हैं। दिनांक 16 अप्रैल 2026 को परिवार के सभी लोग भोजन के बाद सो रहे थे। रात्रि करीब 2:30 बजे बहन आभा सिंह ने फोन लगाकर बताया कि आपके कमरे में चोरी हो गई है। यह जानकारी मिलते ही अभिषेक सिंह अपने पत्नी और बच्चों के साथ स्वयं के वाहन से रीवा से सीधी अपने घर पडऱा पहुंचे। यहां देखा कि उनके कमरे में दो आलमारी का लॉक एवं दीवान, दराज टूटा था वहीं अन्य सामान बिखरे हुये थे। आलमारी एवं दीवान में रखा सोने-चांदी का पुराना इस्तेमाली जेवरात नहीं थे। घरवालों ने बताया कि चोरी कब हुई इसकी सही जानकारी नहीं है लेकिन रात करीब 2 बजे खट-पिट की आवाज आने पर बहन आभा ने कमरे के अंदर से हल्ला-गुहार मचाया, जिसके बाद दूसरे कमरे में सो रहे पिता धीरेन्द्र सिंह जगे और घर के अन्य लोगों को उठाकर देखा तो पूरा सामान बिखरा हुआ था। अज्ञात चोरों द्वारा करीब 3 लाख रूपये के जेवरातों की चोरी की गई है। फरियादी अभिषेक सिंह के अनुसार चोरी गये जेवरातों में सोने की सकरी 2 नग, सोने का झुमका 3 नग, सोने का माथबेंदी 2 नग, सोने की अंगूठी 21 नग, सोने की एक जोड़ी पायल, चांदी की पायल 10 नग, चांदी की कटोरी 2 नग, सोने का लाकेट 6 नग, चांदी मूर्ति 3 नग, चांदी का चूड़ा 10 नग, नारियल चांदी का एक नग, चांदी का सिक्का 20 नग, सोने का कंगन 2 नग, सोने का बाला 2 नग, सोने का बेसर 2 नग, सोने का हार 3 नग, मंगलसूत्र 1 नग, सोने की बिछिया 2 नग, चांदी की करधन 2 नग, चांदी का चम्मच 2 नग, चांदी की गिलास 1 नग, चांदी की बिछिया 25 जोड़ी, चंादी की थाली 2 नग, चांदी की सुपाड़ी 2 नग, चेक बुक 1 नग शामिल है। जमोड़ी थाना पुलिस द्वारा धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।



