Uncategorized

भगवान परशुराम जयंती पर शोभायात्रा को प्रशासन की मंजूरी, कल निकलेगी भव्य झांकी

सीधी जिले में भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर आयोजित होने वाली शोभायात्रा को प्रशासन से आधिकारिक अनुमति मिल गई है। उपखंड मजिस्ट्रेट, गोपद बनास द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह शोभायात्रा 19 अप्रैल 2026 को शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक निर्धारित मार्गों पर निकाली जाएगी। आदेश के मुताबिक शोभायात्रा शहर के प्रमुख स्थलों से होकर गुजरेगी, जिसमें पूजा पार्क और बस स्टैंड क्षेत्र प्रमुख रूप से शामिल हैं। कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कई दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। निर्देशों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के निर्धारित मानकों का पालन, कानून-व्यवस्था बनाए रखना, किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक गतिविधियों से दूर रहना तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना शामिल है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में आयोजक मंडल जिम्मेदार होगा। वहीं आयोजक मंडल समस्त सनातनी ब्राह्मण समाज ने जिले एवं आसपास के क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में 19 अप्रैल को शाम 4 बजे पूजा पार्क में एकत्रित होकर शोभायात्रा को भव्य और दिव्य बनाएं।आयोजकों का कहना है कि प्रशासनिक अनुमति मिलने के बाद अब सभी श्रद्धालु कानून और संविधान के दायरे में रहकर अपने आराध्य भगवान परशुराम जी की शोभायात्रा में शामिल हों। उन्होंने इसे धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बताया है।

Related Articles

Back to top button