सीधी

एसबीआई मुख्य शाखा का निरीक्षण, कलेक्टर ने सभी बैंकों को दिए सुरक्षा सुदृढ़ करने के निर्देश

• बैंक परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की हुई समीक्षा

सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा शुक्रवार की शाम एसबीआई मुख्य शाखा का निरीक्षण कर बैंक की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैंक परिसर की सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, अलार्म सिस्टम, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजामों की विस्तार से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जिले के सभी बैंकों के लिए स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा कि प्रत्येक बैंक अपनी सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ करे। उन्होंने कहा कि सभी शाखाओं में सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से संचालित रहें, सुरक्षा उपकरण कार्यशील स्थिति में हों तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही बैंक परिसरों में प्रवेश-निकास की निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने एवं आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने यह भी कहा कि सुरक्षा के साथ-साथ ग्राहकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है। उन्होंने बैंक प्रबंधन से अपील की कि बैंक आने वाले नागरिकों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सहज वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा बैंक कर्मचारी ग्राहकों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार रखते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करें, जिससे आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। इस दौरान लीड बैंक प्रबंधक तथा शाखा प्रबंधक स्टेट बैंक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button