बैंकर्स के साथ समीक्षा बैठक, स्वरोजगार योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा ने बैंकर्स के साथ शुक्रवार को आयोजित बैठक में स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत प्रकरणों की स्वीकृति, वितरण एवं लंबित मामलों की स्थिति पर चर्चा करते हुए सभी बैंकों को निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने जिले में आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए महिलाओं एवं स्व-सहायता समूहों को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है, इसके लिए बैंकर्स सक्रिय भूमिका निभाएं। बैठक में निर्देशित किया गया कि वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में ही विशेष अभियान चलाकर अधिकतम प्रकरणों का वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके। साथ ही प्रकरणों की गुणवत्ता (केस क्वालिटी) में सुधार लाने, दस्तावेजों की पूर्णता सुनिश्चित करने एवं अनावश्यक लंबित मामलों को शीघ्र निराकृत करने पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने बैंकर्स को निर्देश दिए कि वे ग्राहकों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखें तथा योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि बैंक एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। बैठक में पारदर्शी एवं सकारात्मक कार्य वातावरण बनाए रखने पर बल देते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी संबंधित विभाग एवं बैंक मिलकर कार्य करें, ताकि जिले में स्वरोजगार के अवसरों का विस्तार हो और अधिक से अधिक लोगों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल सके।



