सीधी

बस स्टैंड पर सघन जांच, नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई

सीधी जिला परिवहन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि 24 अप्रैल 2026 को नवीन बस स्टैंड सीधी में बसों की व्यापक जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बसों के परमिट, फिटनेस, बीमा सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान बसों में अग्निशमन यंत्रों की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया तथा महिला एवं दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित सीटों के लेखन की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही यात्रियों से बस संचालकों द्वारा लिए जा रहे किराए के संबंध में भी पूछताछ की गई, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आ सके। निरीक्षण के दौरान विभिन्न कमियां पाए जाने पर 18 वाहनों पर कुल 25,500 रुपये का शमन शुल्क वसूल किया गया। यह कार्रवाई मुख्यतः अग्निशमन यंत्र की एक्सपायरी, महिला एवं दिव्यांगों के लिए आरक्षित सीटों का उल्लेख न होने तथा अधिक किराया वसूलने जैसी अनियमितताओं के कारण की गई। जिला परिवहन अधिकारी ने बस संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे मोटरयान अधिनियम के सभी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करते हुए ही वाहनों का संचालन करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि इस प्रकार की जांच कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि यात्री सुरक्षा एवं सुविधाओं को सुनिश्चित किया जा सके।

Related Articles

Back to top button