सीधी

ओंकार सिंह कर्चुली को मिली प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी, कांग्रेसजनों में हर्ष

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा कांग्रेस नेता एवं नपा पार्षद ओंकार सिंह कर्चुली को म.प्र. कांग्रेस नगरीय निकाय प्रकोष्ठ में प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल पूर्व मंत्री सीडब्ल्यूसी सदस्य कमलेश्वर पटेल और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह की अनुशंसा एवं संगठन महामंत्री डॉ. संजय कामले के अनुमोदन उपरांत की गई है। नियुक्ति पत्र विभाग एवं प्रकोष्ठ म.प्र. कांग्रेस कमेटी के प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह चौहान द्वारा जारी किया गया। ओंकार सिंह कर्चुली की महत्वपूर्ण नियुक्ति पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, जिला कांग्रेस कमेटी सीधी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह, सहित जिले के समस्त कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ओंकार सिंह कर्चुली लंबे समय से संगठन के प्रति निष्ठा एवं समर्पण भाव से कार्य करते आ रहे हैं। पार्टी ने उनकी सक्रियता, संघर्षशीलता एवं संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। उनकी नियुक्ति से नगरीय निकाय प्रकोष्ठ को मजबूती मिलेगी तथा प्रदेश स्तर पर कांग्रेस संगठन और अधिक सशक्त होगा।जिला कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारियों ने कहा कि ओंकार सिंह कर्चुली की नियुक्ति से सीधी जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का वातावरण है तथा यह जिले के लिए गौरव की बात है। ओंकार सिंह कर्चुली ने अपनी नियुक्ति पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह सहित प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, संगठन महामंत्री डॉ. संजय कामले एवं विभाग एवं प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह चौहान सहित प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। कांग्रेस पार्टी की रीति-नीति एवं राहुल गांधी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए निरंतर सक्रियता से कार्य करेंगे।जिला कांग्रेस कमेटी सीधी के समस्त पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने ओंकार सिंह कर्चुली के उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

Related Articles

Back to top button