पीएम जनमन एवं धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान के तहत जनजातीय क्षेत्रों में आयोजित हुई विशेष जन चौपालें

प्रधानमंत्री जनमन एवं धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत जनजातीय समुदायों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कुसमी विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में विशेष जन चौपालों का आयोजन किया गया। इन चौपालों के माध्यम से ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को भी सुना गया। इसी क्रम में ग्राम पंचायत कमछ के ग्राम कमछ में विशेष जन चौपाल आयोजित की गई, जिसमें मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कुसमी ज्ञानेन्द्र मिश्र एवं बीआरसीसी एवं नोडल अधिकारी अंगिरा प्रसाद द्विवेदी की उपस्थिति रही। चौपाल में जनजातीय समुदाय के लोगों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।इसी प्रकार ग्राम पंचायत गाजर के ग्राम त्रिचुली में भी विशेष जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कुसमी, बीआरसीसी एवं नोडल अधिकारी तथा पशु चिकित्सा अधिकारी प्रशांत सिंह उपस्थित रहे। चौपाल में ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, सामाजिक सुरक्षा, पशुपालन और अन्य शासकीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों ने बताया कि पीएम जनमन एवं धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से जनजातीय समुदायों को शासन की योजनाओं से जोड़ते हुए उनके सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को गति देना है। अभियान के तहत दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचकर सीधे संवाद स्थापित किया जा रहा है, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर और सहज रूप से मिल सके। ग्रामीणों ने भी जन चौपाल के माध्यम से अपनी समस्याओं एवं सुझावों को साझा किया। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि प्राप्त समस्याओं के निराकरण के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। यह पहल जनजातीय क्षेत्रों में शासन और समुदाय के बीच संवाद को मजबूत करने तथा योजनाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।



