सीधी

खिलौनों के संग पहुंचीं खुशियां, ‘बचपन अभियान’ ने वंचित बच्चों के चेहरों पर बिखेरी मुस्कान

संवेदनशील प्रशासन और सामाजिक सहभागिता का सुंदर उदाहरण बनते हुए ‘बचपन अभियान’ के तहत सीधी शहर के विभिन्न वार्डों से सुविधासंपन्न परिवारों द्वारा पुराने एवं नए खिलौने एकत्रित कर गरीब और वंचित परिवारों के बच्चों को खुशियों का अनमोल उपहार दिया गया। इस पहल ने नन्हे बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरते हुए समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और अपनत्व का प्रेरक संदेश दिया। अभियान के अंतर्गत शहर के विभिन्न वार्डों से संग्रहित खिलौनों को पटपरा में आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम में कलेक्टर विकास मिश्रा की उपस्थिति में आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों के बीच वितरित किया गया। जैसे ही बच्चों के हाथों में रंग-बिरंगे खिलौने पहुंचे, उनके चेहरे खुशी से खिल उठे और माहौल उत्साह, हंसी और मासूम मुस्कानों से भर गया। यह पहल इस विचार को साकार करती है कि जिन खिलौनों से एक घर के बच्चों का बचपन संवर चुका है, वही खिलौने किसी अन्य बच्चे के जीवन में नई खुशियां और नई यादें जोड़ सकते हैं। समाज के सक्षम वर्ग की छोटी-सी भागीदारी वंचित बच्चों के बचपन को रंगीन बनाने का माध्यम बन सकती है। कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि बच्चों की मुस्कान किसी भी अभियान की सबसे बड़ी सफलता है। उन्होंने बताया कि ‘बचपन अभियान’ केवल खिलौनों के वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में संवेदनशीलता, साझेदारी और हर बच्चे के चेहरे पर खुशी लाने का प्रयास है। यह पहल इस बात का संदेश देती है कि यदि समाज और प्रशासन मिलकर संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, तो छोटे-छोटे प्रयास भी किसी के बचपन को यादगार बना सकते हैं। ‘बचपन अभियान’ वास्तव में जरूरतमंद बच्चों के जीवन में खुशियों के रंग भरने वाला एक प्रेरणादायक प्रयास बनकर सामने आया है।

Related Articles

Back to top button