पटपरा जन चौपाल- समस्याओं के समाधान के साथ नन्हें चेहरों पर मुस्कान

ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से पटपरा में जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर विकास मिश्रा ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।जन चौपाल में ग्रामीणों ने राजस्व, पेयजल, सड़क, बिजली, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न स्थानीय समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया। कलेक्टर ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस दौरान कलेक्टर विकास मिश्रा ने ग्रामीणों को महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि पटपरा में उप तहसील कार्यालय का संचालन प्रारंभ किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए दूरस्थ स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही ‘बचपन अभियान’ के तहत सीधी शहर के विभिन्न वार्डों से एकत्रित पुराने एवं नए खिलौनों को आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों को वितरित किया गया। खिलौने पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और कार्यक्रम में आत्मीयता का विशेष माहौल देखने को मिला। कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण में ग्राम पंचायत प्रभावी और सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि स्थानीय स्तर की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि जन चौपाल का उद्देश्य केवल समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि उनके समाधान की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करना है। प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।



