विश्व तंबाकू निषेध दिवस 2026 के तहत जिले में 25 से 31 मई तक तंबाकू निषेध सप्ताह का आयोजन

राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत विश्व तंबाकू निषेध दिवस 2026 के अवसर पर जिले में 25 मई से 31 मई 2026 तक “तंबाकू निषेध सप्ताह” का व्यापक आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष विश्व तंबाकू निषेध दिवस की थीम “निकोटिन और तंबाकू की लत का आकर्षण बेनकाब करें” निर्धारित की गई है। तंबाकू निषेध सप्ताह का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को तंबाकू और निकोटिन युक्त उत्पादों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज को नशामुक्त और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इस दौरान जिले में विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें जागरूकता रैली, शपथ ग्रहण कार्यक्रम, हस्ताक्षर अभियान, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विशेष जागरूकता सत्र, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक तथा जनसंवाद कार्यक्रम शामिल रहेंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे तंबाकू सेवन से दूर रहें और अपने परिवार, विशेषकर युवाओं एवं बच्चों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। विभाग का मानना है कि तंबाकू मुक्त समाज की दिशा में जनभागीदारी और जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर आयोजित यह सप्ताह जिले में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।



