ट्रांसफार्मर के नीचे वाहनों के पार्किंग से कभी हो सकता है बड़ा हादसा

भीषण गर्मी में जहां आग लगने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं वहीं भारी लोड के चलते बिजली के ट्रांसफार्मर भी आग के गोले में तब्दील हो रहे हैं। फिर भी कुछ लोग इस भीषण गर्मी में ट्रांसफार्मर के आसपास ही सुरक्षित ठिकाना बनाने में गुरेज नहीं कर रहे हैं। ऐसा ही मामला नगर परिषद चुरहट के पुराना बस स्टैंड से अमिलिया मार्ग का सामने आया है। नागरिकों का कहना है कि यहां पर दो बड़े ट्रांसफार्मर एक साथ विद्युत पोलों में लगाए गए हैं। यह ट्रांसफार्मर स्टेट बैंक चुरहट के समीप होने के कारण बैंक में आने वाले लोगों द्वारा लापरवाही पूर्वक ट्रांसफार्मर के पास ही अपने वाहनों को पार्क किया जाता है। बैंक के लिए यह ट्रांसफार्मर स्थल पूरी तरह से पार्किंग स्थल बने हुए हैं। ट्रांसफार्मर के समीप ही लकड़ी का टाल भी चल रहा है। ट्रांसफार्मर के आसपास सडक़ के किनारे बनी नाली के ऊपर अतिक्रमण कर कई दुकानों के संचालन के कारण यह मार्ग काफी जाम वाला क्षेत्र भी बना हुआ है। बैंक में आने वाले लोगों के साथ ही दुकानों में खरीददारी करने वाले लोग भी अपने वाहनों को ट्रांसफार्मर के पास ही पार्क करते हैं। गर्मी के दिनों में यदि कभी भी ट्रांसफार्मर आग के गोले में तब्दील हुआ तो इस स्थान पर भारी हादसा हो सकता है।
इनका कहना है-
मेरे द्वारा बैंक के सामने लगे विद्युत ट्रांसफार्मरों के समीप वाहनों को न खड़ा करने के लिए कई बार लोगों को समझाइस दी गई। यह भी बताया गया कि भीषण गर्मी में ट्रांसफार्मर के पास भारी संख्या में वाहनों के पार्क करने से कभी भी बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती है फिर भी लोग मानने को तैयार नहीं हैं। अब नगर परिषद चुरहट एवं चुरहट पुलिस को कार्रवाई के लिए बैंक की ओर से पत्र जारी करूंगा।
विकाश रंजन, शाखा प्रबंधक स्टेट बैंक चुरहट



