सीधी

समर कैंप से छात्र-छात्राओं को शिक्षा एवं व्यक्तित्व विकास में मिलेगा बढ़ावा

सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशन में छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास, जीवन कौशल संवर्धन एवं शैक्षणिक प्रगति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कुसमी विकासखंड के गोतरा में ग्रीष्मावकाश के दौरान विशेष शिक्षण समर कैंप का शुभारंभ किया गया। शासकीय हाईस्कूल गोतरा में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद प्रतिनिधि राजकुमार तिवारी, विधायक प्रतिनिधि इंद्र प्रकाश गुप्ता एवं बीआरसीसी कुसमी अंगिरा प्रसाद द्विवेदी की उपस्थिति में हुआ। यह समर कैंप 25 मई से संचालित किया जा रहा है, जिसमें विद्यार्थियों के लिए शिक्षा, रचनात्मकता और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी विविध गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कैंप का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, आत्मसम्मान, नेतृत्व क्षमता एवं रचनात्मक सोच का विकास करना है, ताकि वे शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में भी बेहतर प्रदर्शन कर सकें। समर कैंप में छात्र-छात्राओं को ड्राइंग, पेंटिंग, लोकगीत, कविता वाचन, स्वतंत्र लेखन, स्वतंत्र वाचन, खेल गतिविधियां, स्वास्थ्य जागरूकता एवं शैक्षणिक मार्गदर्शन से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को व्यावहारिक तरीके से प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया जा रहा है। इस पहल से बच्चों को अवकाश के समय का सकारात्मक उपयोग करने, नई क्षमताएं विकसित करने और शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने का अवसर मिल रहा है। समर कैंप विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इस अवसर पर शासकीय हाईस्कूल गोतरा के प्राचार्य कमलनारायण मिश्र, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।

Related Articles

Back to top button