गंगा दशहरा पर सेमरा नदी तट में श्रमदान, जल संरक्षण का दिया संदेश

गंगा दशहरा के पावन अवसर पर जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 के द्वितीय चरण के अंतर्गत सोमवार को विकासखंड कुशमी की ग्राम पंचायत केशलार स्थित सेमरा नदी तट पर श्रमदान एवं स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता तथा ग्रामीणों में जल बचाने के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत केशलार के सरपंच सत्यनारायण सिंह, उपसरपंच रामकली सिंह, सचिव केशलार के.के. द्विवेदी, सचिव भुईमाड़ दीपक मिश्रा, सहायक सचिव सुखेन्द्र बैस, भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बैस, पटवारी राजेश सिंह सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने नदी तट की साफ-सफाई कर श्रमदान किया तथा जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बैस ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जल स्रोतों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने एवं जल बचाव के उपाय अपनाने की अपील की। वहीं सचिव के.के. द्विवेदी ने उपस्थित ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाते हुए जल गंगा संवर्धन अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि सामूहिक सहभागिता और जनजागरूकता से ही जल संकट जैसी गंभीर समस्या का समाधान संभव है।




